जोधपुर| केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि इतिहास को भूलने वाला समाज अपनी जड़ों से कट जाता है। इसलिए नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत और पूर्वजों के आदर्शों से जोड़ना जरूरी है। बीजेएस राजपूत सभा भवन में महाराव शेखाजी जयंती एवं प्रतिभा सम्मान समारोह में शेखावत ने कहा कि भारत की समृद्धि और ज्ञान-विज्ञान से आकर्षित होकर अनेक आक्रांताओं ने आक्रमण किए, लेकिन सभ्यता की निरंतरता बनी रही। इसका श्रेय पूर्वजों के साहस, त्याग और संस्कृति के प्रति निष्ठा को जाता है। उन्होंने गौरवशाली परंपराओं के संरक्षण का आह्वान किया। मारवाड़ राजपूत सभा अध्यक्ष रविन्द्र सिंह राणावत भी मौजूद रहे।