आबूरोड में बिना नंबर की मोटरसाइकिल पर चाकू लहराकर स्टंट करने वाले दो युवकों को रीको थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनकी बाइक भी जब्त कर ली है। दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। इंस्टाग्राम पर वायरल हुआ था वीडियो पुलिस के अनुसार, दो दिन पहले इंस्टाग्राम पर एक वीडियो वायरल हुआ था। इसमें दो युवक सड़क पर चलती मोटरसाइकिल पर चाकू लहराते हुए स्टंट करते नजर आ रहे थे। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों की मदद ली। तकनीकी डेटा का विश्लेषण कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। गुजरात के रहने वाले हैं दोनों आरोपी गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बका भाई (19) पुत्र हंसा भाई और राकेश भाई (19) पुत्र मनाभाई के रूप में हुई है। दोनों गुजरात के अंबाजी थाना क्षेत्र के आमलीमाल गांव के निवासी हैं। सिरोही एसपी डॉ. अजेय सिंह राठौड़ के निर्देश पर रीको थानाधिकारी लक्ष्मणसिंह चम्पावत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की। पुलिस ने दोनों युवकों को गिरफ्तार कर मोटरसाइकिल जब्त कर ली है।