आबू रोड रेलवे स्टेशन पर गुरुवार दोपहर 'रेल-जन-संवाद विशेष अभियान-6.0' चलाया गया। मुख्य मंडल यांत्रिकी इंजीनियर, डीज़ल शेड, आबू रोड के नेतृत्व में विभिन्न विभागों की एक टीम ने यात्रियों से बातचीत की। इस टीम में स्टेशन अधीक्षक, मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक, वरिष्ठ अनुभाग अभियंता (CW), यातायात निरीक्षक, ट्रेन मैनेजर, काउंसलर, प्रधान टिकट संग्राहक, वरिष्ठ अनुभाग अभियंता (टेलीकॉम) और कनिष्ठ अभियंता (इलेक्ट्रिकल) जैसे कई पर्यवेक्षक शामिल थे। अभियान के दौरान यात्रियों से स्टेशन पर मौजूद सुविधाओं के बारे में सीधी बात की गई। उनकी समस्याओं, जरूरतों और सुझावों को ध्यान से सुना गया। मिले सुझावों को दर्ज कर आगे की कार्रवाई के लिए मंडल रेल कार्यालय भेजा गया। इस अभियान का मुख्य मकसद यात्रियों की राय के आधार पर स्टेशन पर सुविधाओं को बेहतर बनाना है। रेलवे का लक्ष्य है कि यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक रेल सेवाएं लगातार मिलती रहें।