अजमेर | घर में घुसकर मारपीट करने, कपड़े फाड़ने और अश्लील हरकतें करने का आरोप लगाते हुए नसीराबाद निवासी लाजवंती सहित कई महिलाओं ने एसपी के नाम ज्ञापन दिया है। महिलाओं ने नसीराबाद पुलिस पर भी आरोपी के खिलाफ कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया है। लाजवंती (26) प|ी चतुर्भुज, निवासी नसीराबाद ने बताया कि 21 अक्टूबर को नसीराबाद सिटी थाने में रिपोर्ट दी थी। इसमें भाजपा के एक मोर्चा जिलाध्यक्ष सतीश पारचे और उनके भाई मनोज पारचे पर घर में घुसकर मारपीट करने, कपड़े फाड़ने और अश्लील हरकतें करने का आरोप लगाया। महिला ने बहन सुमन को गंभीर चोट पहुंचाने का आरोप भी लगाया। घटना के वीडियो फुटेज थाने में मुहैया कराए गए थे। इसके बाद नसीराबाद सिटी थाने में मामला दर्ज किया। पुलिस ने लाजवंती, उसकी बहन सुमन और मां संतोष देवी का मेडिकल भी कराया। लेकिन आरोपी को एक घंटे बाद छोड़ दिया गया। महिलाओं ने एसपी के नाम ज्ञापन देकर जांच अधिकारी बदलने, निष्पक्ष जांच करने और दोषी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।