झुंझुनूं जिले में त्योहारों के दौरान खाद्य सुरक्षा टीमों ने अलग-अलग प्रतिष्ठानों पर जांच और सैंपलिंग की कार्रवाई की। जिलेभर से कुल 11 खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर लैब भेजे गए, जबकि मंडावा में 150 लीटर एक्सपायरी खाद्य तेल नष्ट करवाया गया। जिला मुख्यालय पर सीएमएचओ डॉ. छोटेलाल गुर्जर खुद मिठाई प्रतिष्ठान और कैटरिंग कारखाने के निरीक्षण के लिए पहुंचे। सीएमएचओ ने खुद किया मिठाई दुकान का निरीक्षण जिला मुख्यालय पर कार्रवाई की शुरुआत रोड नंबर एक स्थित बांसुरी स्वीट्स से हुई। सीएमएचओ डॉ. छोटेलाल गुर्जर ने प्रतिष्ठान का निरीक्षण कर अंजीर बर्फी का नमूना लिया। उन्होंने मिठाइयों के रखरखाव, साफ-सफाई और खाद्य सामग्री को सुरक्षित परिस्थितियों में रखने की व्यवस्था पर ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान बिक्री बढ़ने के बावजूद खाद्य सुरक्षा मानकों से समझौता नहीं होना चाहिए। इस दौरान एफएसओ दीपेंद्र शेखावत और विकास शर्मा मौजूद रहे। कैटरिंग कारखाने से मावा और तेल के नमूने लिए टीम पुराना बाजार स्थित रानी सती रोड पर पुष्कर कैटरिंग के कारखाने पहुंची। यहां मावे और सोयाबीन कुकिंग ऑयल के नमूने लिए गए। सीएमएचओ ने कारखाने में खाद्य सामग्री के रखरखाव और परिसर की साफ-सफाई का निरीक्षण किया। संचालकों को खाद्य पदार्थों को दूषित होने से बचाने के लिए निर्धारित मानकों के अनुसार भंडारण करने के निर्देश दिए गए। इस कार्रवाई में एफएसओ महेंद्र चतुर्वेदी और नेमीचंद की टीम शामिल रही। दोनों प्रतिष्ठानों के निरीक्षण के दौरान डीपीसी डॉ. महेश कड़वासरा भी मौजूद थे। मंडावा में 150 लीटर एक्सपायरी तेल नष्ट करवाया जिले के दूसरे क्षेत्रों में भी खाद्य सुरक्षा टीमों ने जांच अभियान चलाया। मंडावा में कार्रवाई के दौरान 150 लीटर एक्सपायरी खाद्य तेल नष्ट करवाया गया। एफएसओ दीपेंद्र सिंह शेखावत ने बताया कि तेल उपयोग के योग्य नहीं था, इसलिए उसे नष्ट करवाया गया। त्योहारों को देखते हुए टीमों को अलग-अलग क्षेत्रों में खाद्य पदार्थों की जांच करने और संदिग्ध सामग्री मिलने पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। 11 नमूनों में मिठाई, घी, बादाम और तेल शामिल सीएमएचओ डॉ. गुर्जर के अनुसार, जिलेभर में कुल 11 नमूने लिए गए। इनमें अंजीर बर्फी, दो प्रकार की मावा मिठाई, घी, बादाम, दुग्ध, दो खोया और तीन सोयाबीन तेल के नमूने शामिल हैं। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट से खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की स्थिति स्पष्ट होगी। किसी नमूने के निर्धारित मानकों पर खरा नहीं उतरने की पुष्टि होने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। अभियान में खाद्य सुरक्षा टीम के महेंद्र मेहनतकश, लालू यादव, सुखदेव सिंह, सुमेर सिंह, डॉ. निकी चौधरी और विनोद कुमारी ने भी अलग-अलग क्षेत्रों में निरीक्षण और सैंपलिंग में सहयोग किया। सीएमएचओ बोले- मिठाई खरीदते समय रखें सावधानी सीएमएचओ डॉ. छोटेलाल गुर्जर ने आमजन से अपील की कि त्योहारों के दौरान मिठाई और अन्य खाद्य सामग्री खरीदते समय सावधानी बरतें। पैक खाद्य पदार्थों पर निर्माण और एक्सपायरी तिथि, पैकिंग और अन्य जरूरी जानकारियां जरूर देखें। उन्होंने खुले में रखी मिठाइयों और अस्वच्छ परिस्थितियों में तैयार खाद्य सामग्री खरीदने से बचने की सलाह दी। साथ ही दुकानदार से खाद्य पदार्थ की गुणवत्ता और उसके रखरखाव के बारे में जानकारी लेने की अपील की।