अलवर शहर में बाइक चोरी की घटनाएं तेजी से बढ़ती जा रही हैं। कोतवाली थाना क्षेत्र में हाल ही में तीन अलग-अलग स्थानों से मोटरसाइकिल चोरी के मामले सामने आए हैं, जिससे लोगों में दहशत का माहौल है। खास बात यह है कि एक घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें चोरों की वारदात साफ नजर आ रही है। पहला मामला 14 अप्रैल का है, जहां बख्तल की चौकी निवासी सोनू की बाइक भगत सिंह सर्किल स्थित विजय सोनोग्राफी के सामने से सुबह करीब 10 बजे चोरी हो गई। सामने आए सीसीटीवी फुटेज में दो युवक दिखाई दे रहे हैं। इनमें से एक युवक लाल टी-शर्ट पहने दूसरी बाइक पर आगे निकल जाता है, जबकि उसका साथी महज 15 सेकंड में खड़ी बाइक का लॉक तोड़कर उसे लेकर फरार हो जाता है। दूसरे मामले में डाडोली निवासी राम वर्मा की नई हीरो स्प्लेंडर बाइक दाउदपुर फाटक के पास पीएनबी बैंक के नजदीक से चोरी हो गई। बाइक का रजिस्ट्रेशन नंबर अभी जारी नहीं हुआ था। पीड़ित के अनुसार, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में संदिग्ध व्यक्ति नजर आया है। तीसरी वारदात 7 अप्रैल को स्कीम नंबर-3 में हुई, जहां चौमा निवासी आबिद हुसैन की टीवीएस अपाचे बाइक घर के बाहर से चोरी हो गई। तीनों मामलों में कोतवाली थाना पुलिस ने बीएनएस की धारा 303(2) के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।