अलवर में बुजुर्ग महिला का किडनैप कर लूट के मामले में मालाखेड़ा थाना पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, इस पूरे मामले का आरोपी पोता ही निकला, जिसने अपने दोस्तों के साथ किडनैपिंग और लूट की साजिश रची थी। आरोपी पोते ने दादी के मुंह में कपड़ा ठूंसकर उन्हें अगवा किया और वारदात को अंजाम दिया। करीब तीन घंटे बाद बुजुर्ग महिला जंगल में घायल अवस्था में मिली। घटना मालाखेड़ा थाना क्षेत्र के हरिपुरा गांव की मंगलवार देर रात एक बजे की है। पुलिस ने 69 साल की तुलसा देवी के अपहरण और लूट के मामले में उसके ही पोते धीरज पुत्र रतन सिंह (20) को गिरफ्तार किया है, जो रेबारी मोहल्ला पृथ्वीपुरा का रहने वाला है। हालांकि, आरोपी से अभी तक लूट का सामान बरामद नहीं हुआ है और पुलिस उसके साथियों की तलाश में जुटी है। दादी के मुंह में कपड़ा ठूंसकर किया था किडनैप मालाखेड़ा थाना SHO ने बताया कि 22 अप्रैल की रात करीब 1 बजे धीरज अपने साथियों के साथ नकाब पहनकर घर में घुसा और दादी के मुंह में कपड़ा ठूंसकर उसे किडनैप कर लिया। इसके बाद बदमाश बुजुर्ग महिला को कई किलोमीटर दूर जंगल में ले जाकर फेंक गए। सूचना मिलने पर ग्रामीणों और पुलिस ने तलाश शुरू की और करीब 3 घंटे बाद महिला घायल हालत में जंगल में मिली। तब जाकर पूरे मामले का खुलासा हुआ। आरोपियों ने महिला के करीब सवा किलो चांदी के कड़े और लगभग 3 तोला सोना लूट लिया था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और बाकी आरोपियों की तलाश जारी है। बरामदगी के भी प्रयास जारी है। ------------ मामले से जुड़ी ये खबर भी पढ़िए… घर से बुजुर्ग महिला का किडनैप, लाखों की ज्वेलरी लूटी:आधी रात मुंह में कपड़ा ठूंसकर ले गए बदमाश, जंगल में पटककर भागे अलवर में बुजुर्ग महिला का किडनैप और लूट का मामला सामने आया है। आधी रात को कार में आए बदमाशों ने बुजुर्ग के साथ मारपीट भी की। इसके बाद उसे जंगल में फेंककर फरार हो गए। बुजुर्ग ने पुलिस को बताया कि आरोपी उसकी 8 लाख रुपए की ज्वेलरी ले गए। घटना मालाखेड़ा थाना क्षेत्र के हरिपुरा गांव की मंगलवार देर रात एक बजे की है।(पूरी खबर पढ़ें…)