अलवर में एक निजी स्कूल बस ने दूध का काम करने वाले बुजुर्ग को टक्कर मार दी। बुजुर्ग को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। यह हादसा अरावली विहार थाना क्षेत्र स्थित जयपुर रोड पर जयंती फॉर्म हाउस के सामने गुरुवार को हुआ। इसी जगह बुधवार दोपहर को स्कूटी सवार टीचर को रोडवेज बस ने टक्कर दी थी। हादसे में टीचर अंबाला सोनी की मौत हो गई थी। वे भाखेड़ा के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में टीचर थीं। जानकारी के अनुसार- जगदीश दूध का कारोबार करते हैं। वे सड़क से गुजर रहे थे, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार निजी स्कूल बस ने टक्कर मार दी। इससे जगदीश सड़क पर गिरकर गंभीर घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से उनको जयपुर रेफर कर दिया। लोगों ने किया जाम, अधिकारियों ने स्पीड ब्रेकर का दिया आश्वासन एक जगह पर लगातार दूसरे दिन हादसा होने से स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने सड़क पर पत्थर और रुकावटें रखकर जाम लगा दिया, जिससे जयपुर रोड पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। घटना की सूचना मिलते ही अरावली विहार थाना पुलिस और पीडब्ल्यूडी के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों से बातचीत की और आश्वासन दिया कि हादसों को रोकने के लिए तुरंत स्पीड ब्रेकर बनाने की बात कही। अधिकारियों के आश्वासन के बाद लोगों ने जाम हटाया।