अलवर शहर में 14 अप्रैल को डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के मौके पर निकली रैली के दौरान कोतवाली थाने में हंगामे और पथराव का मामला सामने आया है। हालांकि घटना के दिन पुलिस ने पथराव से इनकार किया था, लेकिन अब जांच के बाद कोतवाली थाना पुलिस ने चार युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, रैली के दौरान एक मोटरसाइकिल चालक पवन जाटव की बाइक को एमवी एक्ट के तहत जब्त कर थाने में खड़ा कराया गया था। इसी बात को लेकर सिकंदर, सूरज, निक्की और पवन अपने साथ 50-60 लोगों की भीड़ लेकर थाना परिसर में पहुंच गए और जब्त बाइक को बिना जुर्माना दिए ले जाने की जिद करने लगे। पुलिसकर्मियों द्वारा समझाइश के बावजूद आरोपियों ने जबरन बाइक ले जाने का प्रयास किया और राजकार्य में बाधा उत्पन्न की। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने भीड़ को बाहर निकाला, लेकिन आरोप है कि इसके बाद थाने के गेट पर पथराव किया गया, जिससे सरकारी साइन बोर्ड क्षतिग्रस्त हो गया। घटना में पुलिसकर्मियों की जान को भी खतरा बताया गया है। मौके पर सिकंदर को पकड़ लिया गया, जबकि अन्य आरोपी फरार हो गए। जांच में आरोप सही पाए जाने पर पुलिस ने चारों के खिलाफ बीएनएस की धाराओं 132, 125, 3(5) और पीडीपीपी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।