अलवर में मंदिर में असामाजिक तत्वों की ओर से मां दुर्गा की मूर्ति खंडित करने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार- शहर के एनईबी थाना क्षेत्र के अंतर्गत प्रीत विहार स्थित पार्क परिसर बने कॉलोनी के मंदिर में यह घटना विजयादशमी पर हुई। शिकायत के बाद पुलिस और हिंदू संगठनों के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों और विश्व हिंदू परिषद (VHP) ने पार्क में लगातार बढ़ रही असामाजिक गतिविधियों को लेकर पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई है। दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। पार्क में आकर शराब पीने का आरोप स्थानीय निवासियों का आरोप है कि प्रीत विहार पार्क और आसपास बनी दुकानों के पास लंबे समय से असामाजिक तत्वों का जमावड़ा रहता है। देर रात तक यहां कुछ लोग अवैध रूप से ताश खेलने और शराब पीने के लिए एकत्र होते हैं। इसके अलावा पार्क के आसपास से गुजरने वाले राहगीरों, महिलाओं और बच्चों पर अभद्र टिप्पणियां की जाती हैं। इससे स्थानीय लोगों का पार्क में आना-जाना तक दूभर हो चुका है। VHP की चेतावनी- सुरक्षा बढ़ाएं और दोषियों को पकड़ें घटना की जानकारी मिलने पर विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री विजेंद्र खंडेलवाल कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर प्रशासन से मांग की कि मंदिर की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त शुरू की जाए और मूर्ति खंडित करने वाले असामाजिक तत्वों पर कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई हो। पुलिस कर रही मामले की जांच उधर, घटना की सूचना पर एनईबी (NEB) थाना पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस अधिकारियों ने कहा- मामले की जांच की जा रही है। आसपास के संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।