बांसवाड़ा में दशहरा मेला देखने आ रहे लोगों से भरा एक ऑटो अनियंत्रित होकर गहरे गड्ढे में पलट गया। हादसे के वक्त ऑटो में करीब 15 लोग सवार थे, जिनमें से 11 घायल हो गए। घायलों को पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से महात्मा गांधी (एमजी) हॉस्पिटल पहुंचाया गया। इनमें से 4 लोगों को भर्ती किया गया है, जबकि 7 को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। हादसा गुरुवार रात करीब 8.45 बजे राजतालाब थाना क्षेत्र के डूंगरपुर मार्ग पर लोधा तालाब के पास हुआ। दशहरा मेला देखने बांसवाड़ा आ रहे थे सभी लोग एसआई लोकेश ने बताया कि ऑटो में सवार सभी लोग तलवाड़ा के रहने वाले थे। वे बांसवाड़ा शहर के कॉलेज ग्राउंड में आयोजित होने वाला दशहरा मेला देखने आ रहे थे। लोधा तालाब के पास पहुंचते ही चालक का ऑटो से नियंत्रण छूट गया और वाहन गहरे गड्ढे में पलट गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े। तालाब के दूसरी तरफ गिरा ऑटो गनीमत रही कि ऑटो तालाब के दूसरी तरफ गिरा, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को एमजी हॉस्पिटल पहुंचाया गया। 4 घायल वार्ड में भर्ती, 7 को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी हादसे में घायल हुए कुल 11 लोगों को एमजी हॉस्पिटल लाया गया। इनमें से 4 गंभीर रूप से घायल लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद वार्ड में भर्ती कर लिया गया, जबकि अन्य 7 लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। फिलहाल हॉस्पिटल में घायलों का इलाज जारी है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।