शहर की मोहन कॉलोनी में दुकान पर बैठी महिला के गले से सोने की चेन छीनने की वारदात का खुलासा करते हुए कोतवाली थाना पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, वारदात में दो युवक शामिल थे। पुलिस अब दूसरे आरोपी की तलाश में जुटी है। पुलिस के अनुसार, 31 अगस्त को मुकेश पुत्र भरतदास वैष्णव ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया कि उनकी मां शांती बैरागी दुकान पर बैठी थीं। इसी दौरान शाम करीब साढ़े चार बजे दो अज्ञात युवक वहां पहुंचे और उनके गले से सोने की चेन छीनकर फरार हो गए। सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग वारदात के बाद पुलिस ने शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। तकनीकी सहायता और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस को पता चला कि वारदात में शामिल युवक मध्य प्रदेश के जावरा क्षेत्र का रहने वाला है। इसके बाद पुलिस टीम जावरा पहुंची और आरोपी की पहचान सुनिश्चित कर उसे गिरफ्तार कर लिया। दूसरे आरोपी की तलाश जारी गिरफ्तार आरोपी की पहचान अली खां उर्फ रजा पुत्र इनायत अली, निवासी हुसैनी टेकरी, जावरा (मध्य प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी आमिर के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना कबूल किया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले में आगे अनुसंधान कर रही है। वहीं, वारदात में शामिल दूसरे आरोपी आमिर की तलाश जारी है।