बांसवाड़ा में नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 को लेकर प्रशासनिक तैयारियां अंतिम चरण में हैं। जिला कलक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट डॉ. इंद्रजीत यादव ने मतदान दिवस पर संबंधित नगरीय निकाय क्षेत्रों में सार्वजनिक अवकाश घोषित कर दिया है। इसके तहत नगरपरिषद बांसवाड़ा क्षेत्र में मतदान के दिन 9 सितंबर बुधवार को सार्वजनिक अवकाश रहेगा। वहीं, नगरपालिका कुशलगढ़ और परतापुर-गढ़ी के चुनाव के लिए 11 सितंबर को संबंधित क्षेत्रों में अवकाश घोषित किया गया है। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यदि किसी क्षेत्र में पुनर्मतदान की स्थिति बनती है, तो उस निर्धारित तिथि को भी संबंधित क्षेत्र में अवकाश रहेगा। ​चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए सोमवार को बांसवाड़ा के टीएडी सभागार में मतगणना दलों का विशेष प्रशिक्षण आयोजित किया गया। पारदर्शिता बरतने को कहा ​प्रशिक्षण सत्र को संबोधित करते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. इंद्रजीत यादव ने कहा कि मतगणना निर्वाचन प्रक्रिया का सबसे संवेदनशील चरण है। उन्होंने सभी कार्मिकों को निर्वाचन आयोग के नियमों का पूरी गंभीरता से पालन करने और पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए। मास्टर ट्रेनर्स द्वारा कार्मिकों को ईवीएम से मतों की गणना, परिणामों के संकलन, मतगणना टेबल की व्यवस्थाओं और अभिलेख संधारण की बारीकियों से अवगत कराया गया। इस दौरान उपखंड अधिकारी भागचंद रेंगर और प्रशिक्षण प्रभारी विमल चौबीसा सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान के निर्देश नगर निकाय आम चुनाव की तैयारियों को लेकर जिला कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को पर्यवेक्षक एवं अतिरिक्त निदेशक (एचसीएम रीपा) बंशीधर कुमावत ने विभिन्न प्रकोष्ठों के अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने पुलिस सुरक्षा, ईवीएम प्रबंधन, कार्मिक प्रशिक्षण और मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। ​पर्यवेक्षक कुमावत ने आदर्श आचार संहिता की सख्ती से पालना कराने और मतदाताओं को प्रभावित करने वाले प्रयासों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने मॉक पोल प्रक्रिया, संवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात करने तथा सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय से काम करने को कहा। बैठक में एडीएम पर्वत सिंह चुंडावत सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। ​उधर, कुशलगढ़ नगरपालिका चुनाव की तैयारियों का जायजा लेने के लिए जिला कलक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने सोमवार को कुशलगढ़ का दौरा किया। उन्होंने स्ट्रॉन्ग रूम, मतगणना कक्ष और विभिन्न मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। ​निरीक्षण के दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्थाओं और केंद्रों पर मिलने वाली बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया। इसके बाद प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की बैठक लेकर उन्होंने दो टूक कहा कि चुनाव पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और भयमुक्त माहौल में संपन्न होना चाहिए, ताकि हर मतदाता बिना किसी दबाव के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके। इस दौरान उपखंड अधिकारी, तहसीलदार, पुलिस उप अधीक्षक और थानाधिकारी समेत अन्य अधिकारी साथ रहे।