बांसवाड़ा के सज्जनगढ़ थाना क्षेत्र के अघोरिया गांव में सोमवार सुबह चलते ट्रैक्टर-ट्रॉली से गिरने पर एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में उसके दोनों पैरों और शरीर के कई हिस्सों में चोटें आई हैं। घायल की हालत नाजुक होने पर एमजी अस्पताल के डॉक्टरों ने उसे उदयपुर रेफर किया था, लेकिन परिजन उसे गुजरात के दाहोद स्थित निजी अस्पताल ले गए। वहां उसका इलाज जारी है। ब्लॉक भरने जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से गिरा युवक जानकारी के मुताबिक, ट्रैक्टर-ट्रॉली में ब्लॉक भरने के लिए ले जाए जा रहे थे। अघोरिया निवासी विनोद पुत्र प्रकाश डोडियार ट्रॉली में बैठा हुआ था। अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह चलते ट्रैक्टर-ट्रॉली से नीचे गिर गया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलने पर मौके पर मौजूद लोगों ने एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस की मदद से घायल युवक को सज्जनगढ़ अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे एमजी अस्पताल रेफर कर दिया।