बारां कृषि उपज मंडी में 2 दिन बंद रहने के बाद सोमवार को रौनक लौटी। सुबह नीलामी शुरू होते ही किसानों-व्यापारियों की चहल-पहल दिखी। शुक्रवार को जिंस का उठाव नहीं होने से शनिवार को मंडी बंद रही, जबकि रविवार को साप्ताहिक अवकाश था। इधर सोमवार को खरीफ सीजन की नई फसल की बंपर आवक से मंडी परिसर खचाखच भर गया। सवा लाख से ज्यादा कट्टे आए। ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की लंबी कतारें लगीं। मंडी प्रशासन ने मेलखेड़ी रोड से वाहनों के आने के लिए अलग व्यवस्था की। सोमवार को ज्यादातर फसलों के भाव बढ़े। मक्का 1700 से 2500 रुपए, सोयाबीन 6150 से 7300 रुपए और धान 3600 से 4200 रुपए प्रति क्विंटल तक बिका। मंडी प्रशासन ने बताया कि मंगलवार, 20 अक्टूबर को दशहरे के कारण मंडी पूरी तरह बंद रहेगी। मंडी अब बुधवार, 21 अक्टूबर को खुलेगी। किसानों से अपील है कि वे मंगलवार को अपनी उपज लेकर न आएं।