बारां में पंचायती राज चुनाव के तहत तीसरे दिन गुरुवार को जिला परिषद और पंचायत समिति के लिए कुल 222 उम्मीदवारों ने नामांकन भरे। इनमें जिला परिषद के लिए 43 और पंचायत समितियों के लिए 179 अभ्यर्थियों ने पर्चे दाखिल किए। निर्वाचन विभाग के अनुसार, जिला परिषद सदस्य के लिए 43 अभ्यर्थियों ने 45 नामांकन और पंचायत समितियों में 179 अभ्यर्थियों ने 185 नामांकन भरे। अंता में 31, केलवाड़ा में 24, किशनगंज में 27, मांगरोल में 34, नाहरगढ़ में 42 और शाहबाद में 21 नामांकन दाखिल हुए। अब तक जिला परिषद के लिए 60 अभ्यर्थियों ने 62 और पंचायत समितियों के लिए 285 अभ्यर्थियों ने 293 नामांकन भरे हैं। नामांकन प्रक्रिया के तीसरे दिन भी कार्यालयों में भीड़ रही और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम थे।