बारां जिले में पंचायती राज आम चुनाव में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने और नए मतदाताओं का शत-प्रतिशत पंजीयन कराने के लिए जागरूकता कार्यक्रम चल रहे हैं। इसी क्रम में बटावदी स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय में युवा मतदाता संवाद हुआ। कार्यक्रम में प्रशिक्षणार्थियों के लिए निर्वाचन क्विज रखी गई। इसके जरिए चुनावी प्रक्रिया और मताधिकार से जुड़ी जानकारी दी गई। जिला निर्वाचन अधिकारी बालमुकुंद असावा और सीईओ शिवेंद्र प्रताप के निर्देश पर कार्यक्रम आयोजित हुआ। स्वीप सह प्रभारी अमित भार्गव ने लोगों को बिना किसी प्रलोभन या दबाव के निर्भीक होकर मतदान करने की शपथ दिलाई। अमित भार्गव ने कहा कि मतदान अधिकार के साथ जिम्मेदारी भी है। हर पात्र युवा मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाए और परिवार व आसपास के लोगों को मतदान के लिए प्रेरित करे। कार्यक्रम में ईसीआई नेट ऐप, फॉर्म-8 से संशोधन और सी-विजिल ऐप के जरिए 100 मिनट में शिकायत समाधान की जानकारी दी गई।