बाड़मेर जिले में खेत में हाईटेंशन लाइन गिरने से पति-पत्नी की मौत हो गई। खेत के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन का तार टूट कर मवेशियों के बाड़े पर गिर गया। मवेशी करंट से झुलसते देख खेत मालिक और उसकी पत्नी बचाने पहुंचे। करंट की चपेट में आने से 15 मवेशी और पति-पत्नी की मौत हो गई। आसपास के लोगों ने फोन करके लाइट बंद करवाई। मामला नागाणा थाना इलाके के खीपसर गांव का गुरुवार सुबह करीब 10 बजे का है। घटना के बाद आक्रोशित परिजन और गांव के लोग सुबह 11 बजे से धरने पर बैठे हैं। बायतु DSP दीपेंद सैनी ने बताया- फिलहाल परिजनों और ग्रामीणों से सहमति के लिए प्रयास किया जा रहा है। हादसे में रावताराम और वीरों देवी की मौत हुई है। इनके तीन बच्चे है। दो बेटे हरजीराम (22), विष्णा राम (20) और एक बेटी साजियों (18) है। हादसे की तस्वीरें… मवेशियों को बचाते समय करंट की चपेट में आए पति-पत्नी पुलिस के अनुसार- रावताराम (45) और उनकी पत्नी वीरोंदेवी (41) गुरुवार सुबह खेत पर काम कर रहे थे। पास ही बाड़े में 15 भेड़-बकरियां बंधी थीं। इस दौरान ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर मवेशियों के बाड़े गिर गया। बाड़े में करंट फैलने से मवेशी तड़पने लगे। यह देख भेड़ों को बचाने के लिए रावताराम भागकर बाड़े में पहुंचे। वहां लगे लोहे के जाल को टच करते ही रावताराम भी करंट की चपेट में आ गए। पति को छटपटाते देख वीरों देवी बचाने पहुंची और वह भी झुलस गई। ग्रामीणों ने फोन जीएसएस पर फोन करके लाइट बंद करवाई। तब तक पति-पत्नी की मौत हो चुकी थी। ग्रामीणों का आरोप है कि तार टूटने के बाद जीएसएस पर फोन किया गया तो लाइट काटने के लिए खीपसर जीएसएस पर कोई नहीं था। आसपास के लोगों ने डिस्कॉम के कर्मचारियों से संपर्क कर जीएसएस पर लाइट को बंद करवाया। आक्रोशित ग्रामीण वहीं धरने पर बैठ गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। फिलहाल पुलिस परिजनों और ग्रामीणों से बात कर समझाइश करने का प्रयास कर रही है।