बाड़मेर जिले में पंचायती राज आम चुनाव-2026 के पहले चरण में 10 पंचायत समितियों के 418 सरपंचों और पंचों के लिए शुक्रवार (23 अक्टूबर) को नामांकन होंगे। नामांकन प्रक्रिया सुबह 8 से 11 बजे तक चलेगी। इसके बाद सुबह 11:30 बजे से नामांकन पत्रों की जांच होगी और दोपहर 2 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। नाम वापसी के तुरंत बाद चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे और चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों की सूची जारी होगी। शनिवार (24 अक्टूबर) को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। मतदान खत्म होने के तुरंत बाद मतगणना शुरू होगी। 10 पंचायत समितियों में होगी नामांकन प्रक्रिया जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर चिन्मयी गोपाल ने बताया कि पंचायती राज आम चुनाव-2026 के तहत पहले चरण में बाड़मेर जिले की चौहटन, धनाऊ, सेड़वा, फागलिया, लीलसर, मांगता, बायतू, आडेल, रामसर और गडरारोड पंचायत समितियों में पंच-सरपंच के चुनाव होंगे। अभ्यर्थी शुक्रवार को सुबह 8 से 11 बजे तक अधिसूचना में निर्धारित स्थल पर संबंधित रिटर्निंग अधिकारी के समक्ष नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत कर सकेंगे। नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा सुबह 11:30 बजे से होगी। इसके बाद दोपहर 2 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि चुनाव चिह्नों का आवंटन और चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों की सूची का प्रकाशन नाम वापसी का समय पूरा होने के तुरंत बाद किया जाएगा। शनिवार को मतदान, इसके बाद शुरू होगी मतगणना पहले चरण में सरपंच-पंच के लिए मतदान शनिवार, 24 अक्टूबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा। मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद मतगणना शुरू की जाएगी। जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए हो चुका मतदान बाड़मेर जिले में पहले चरण के जिला परिषद के 23 वार्डों और पंचायत समिति सदस्यों के 158 वार्डों के लिए गुरुवार को मतदान हो चुका है। पोलिंग पार्टियां 25 अक्टूबर तक मतदान बूथ पर रहेंगी। वहीं, दूसरे चरण में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए 28 अक्टूबर को मतदान होगा। सरपंचों के लिए 30 अक्टूबर को वोट डाले जाएंगे और उसी दिन परिणाम आएंगे।