धौलपुर के सैंपऊ पंचायत समिति में पंचायती राज चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज है। कांग्रेस पार्टी इस बार टिकट वितरण में पिछले निकाय चुनाव के अनुभवों से सीख लेते हुए सावधानी बरत रही है। टिकट वितरण की प्रक्रिया अंतिम चरण में है, जिससे दावेदारों की सक्रियता बढ़ गई है। बसई नवाब स्थित प्रधान गार्डन में पूर्व प्रधान रामहेत कुशवाहा के यहां विभिन्न वार्डों से चुनाव लड़ने के इच्छुक दावेदार जुटे हैं। पूर्व प्रधान रमेश कुशवाहा ने बताया कि कांग्रेस मजबूत और टिकाऊ प्रत्याशियों को टिकट देने पर जोर दे रही है। पार्टी का मकसद ऐसे उम्मीदवार उतारना है, जो बेहतर प्रदर्शन कर पंचायत समिति में बहुमत दिलाएं। उन्होंने कहा कि पिछले निकाय चुनाव में भाजपा पर मनमानी के आरोप लगे थे। कांग्रेस इस बार ऐसी स्थिति नहीं बनने देगी। पार्टी पूरी तैयारी से मैदान में उतरेगी और सैंपऊ पंचायत समिति में बहुमत हासिल कर प्रधान बनाएगी।