हनुमानगढ़ की भादरा पुलिस ने एक बुजुर्ग महिला से चाकू दिखाकर लूट करने के आरोप में 2 लोगों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों को हिसार की केंद्रीय जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाया गया। यह घटना 17 सितंबर की है। राजपुरा निवासी कृष्णा देवी ने भादरा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि जब वह घर आ रही थीं, तब बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने चाकू की नोक पर उनके गले से सोने की तबीजी तोड़ ली थी। इस मामले में एफआईआर दर्ज हुई थी। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विक्रम उर्फ टिटु (27) पुत्र गंगासिंह माली निवासी मुगलपुरा, हिसार और विक्रम उर्फ विक्की उर्फ पाटिया (25) पुत्र रमेश नायक निवासी भुना, फतेहाबाद के रूप में हुई है। पुलिस टीम में सहायक उपनिरीक्षक जगदीश और कॉन्स्टेबल रामबाबू व महेंद्र शामिल थे। पुलिस उनसे आगे की पूछताछ कर रही है।