हनुमानगढ़ की भादरा पुलिस ने होटल और धर्मशालाओं के निरीक्षण अभियान के दौरान हंगामा करने वाले छह व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई कस्बे के एक होटल में हुई। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में सादपुरा, सिद्धमुख निवासी प्रमोद (21), नीमला निवासी संजीव (21), रामबास निवासी सुखविंदर (20), चाईया निवासी सुनील (26), गांधी बड़ी निवासी रणसिंह (34) और परलीका निवासी नीरज (19) शामिल हैं। जानकारी के अनुसार, भादरा थाना पुलिस की टीम कस्बे में संचालित होटलों और धर्मशालाओं का औचक निरीक्षण कर रही थी। इसी दौरान टीम होटल आरजे-49 पर पहुंची। वहां होटल मालिक सहित कुछ अन्य व्यक्ति झगड़ा और हंगामा कर रहे थे। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए होटल संचालक समेत छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ बीएनएसएस की धारा 170 के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है। गौरतलब है कि हाल ही में सरकार ने होटल, धर्मशाला और होम-स्टे के लिए नए सुरक्षा निर्देश जारी किए थे। इन निर्देशों के तहत सभी संस्थानों को भौतिक या इलेक्ट्रॉनिक रजिस्टर रखना अनिवार्य किया गया है। साथ ही, अतिथियों के पहचान पत्र की मूल प्रति देखकर उसकी कॉपी पर हस्ताक्षर करवाकर रिकॉर्ड में रखने और नाबालिग होने पर संरक्षक को सूचित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। इसके अतिरिक्त, संदिग्ध व्यक्तियों की सूचना पुलिस को देने और सभी जानकारी को evisitor.rajasthan.gov.in पोर्टल पर अपलोड करना भी अनिवार्य किया गया है। इन्हीं निर्देशों के अनुपालन में पुलिस लगातार निरीक्षण अभियान चला रही है।