पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना हत्याकांड में भरतपुर पुलिस ने 8 फरार आरोपियों पर 5-5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है। मामले में अब तक 9 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है, जबकि अन्य आरोपी फरार हैं। पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं, लेकिन अभी तक कोई बड़ी सफलता नहीं मिली है। 8 आरोपियों पर 5-5 हजार का इनाम पुलिस ने हत्याकांड में शामिल राजवीर उर्फ मग्गू, जगत सिंह, हेमसिंह, गौरव कुमार, दानवीर, पप्पी, डिग्गो और राजू पर 5-5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है। ये सभी आरोपी भौंडा गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस ने अपील की है कि आरोपियों के संबंध में जानकारी रखने वाले लोग सूचना दें। सूचना देने वालों के नाम गोपनीय रखे जाएंगे। इस मामले में 64 नामजद आरोपियों सहित 70-80 अन्य लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई गई है। पुलिस फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। लाठी-डंडों से हमला कर की थी हत्या जानकारी के अनुसार, 11 अक्टूबर की रात करीब 9 बजे भौंडा गांव के कुछ लोगों ने पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना पर हमला कर दिया था। आरोप है कि ग्रामीणों ने लाठी-डंडों से मारपीट कर उनकी हत्या कर दी। मामले में कार्रवाई करते हुए वैर थाना प्रभारी धीरेंद्र और कांस्टेबल पवन कुमार को निलंबित किया गया था। वहीं, एडिशनल एसपी और सीओ को एपीओ किया गया था। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।