भीलवाड़ा जिले के जहाजपुर थाना क्षेत्र में अवैध बजरी परिवहन के दौरान पुलिस जाब्ते को टक्कर मारने का मामला सामने आया है। आरोप है कि 18 अक्टूबर को पीपलुंद में बजरी से भरी बिना नंबर की ट्रैक्टर-ट्रॉली रोकने की कोशिश पर चालक ने महिला कॉन्स्टेबल ममता की स्कूटी को टक्कर मार दी और मौके से भाग गया। इसके बाद करीब ढाई घंटे तक 68 किलोमीटर पीछा किया गया। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर बजरी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की गई, जबकि दो अन्य आरोपी फरार हैं। महिला कॉन्स्टेबल की स्कूटी को टक्कर मारकर भागा चालक घटना 18 अक्टूबर की शाम करीब 6 बजे की है। पुलिस के अनुसार, जहाजपुर क्षेत्र के पीपलुंद में बिना नंबर की लाल रंग की ट्रैक्टर-ट्रॉली अवैध बजरी लेकर आ रही थी। पुलिस जाब्ते ने उसे रोकने की कोशिश की तो चालक ने कथित तौर पर जान से मारने की नीयत से तेज रफ्तार ट्रैक्टर महिला कॉन्स्टेबल ममता की स्कूटी पर चढ़ाकर टक्कर मार दी। इसके बाद चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर छाबड़िया बरठा गांव की तरफ भाग गया। ढाई घंटे में 68 किलोमीटर तक पीछा घटना के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली का करीब ढाई घंटे तक पीछा किया गया। ग्राम नाथादंड, थाना शक्करगढ़ के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली को घेर लिया गया। इस दौरान चालक और उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। मौके से दो अन्य आरोपियों को पकड़ लिया गया और बजरी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की गई। सांवरा और अशोक गिरफ्तार, दो अन्य फरार मामले में रूणिया बरठा निवासी सांवरा (26) पुत्र फूंबाराम मीणा और सरसिया निवासी अशोक (30) पुत्र सोजी राम मीणा को गिरफ्तार किया गया है। फरार आरोपियों की पहचान रूणिया बरठा, थाना जहाजपुर निवासी मुकेश उर्फ मुक्का पुत्र हेमराज मीणा और शैतान पुत्र भूरा मीणा के रूप में हुई है। अन्य साथियों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। बनास नदी से बजरी लाने की आशंका जांच के अनुसार, आरोपी बनास नदी से अवैध रूप से बजरी निकालकर उसका परिवहन करते हैं। पुलिस के रोकने की कोशिश करने पर वे ट्रैक्टर को कच्चे रास्तों से भगाते हैं। आरोप है कि ऐसा करने से उड़ती धूल के कारण पीछा करने वालों को परेशानी होती है। रास्ते में ट्रॉली खाली करने या पुलिस पर हमला करने की कोशिश किए जाने की बात भी जांच में सामने आई है।