भीलवाड़ा जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और आमजन को शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से निरीक्षण और सैंपलिंग की कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में गुरुवार को विभाग की टीम ने जवाहर नगर स्थित दो डेयरियों का निरीक्षण कर घी के सैंपल लिए। वहीं, एक एजेंसी से मिल्क पाउडर का सैंपल भी लिया गया। दो डेयरियों से घी के सैंपल लिए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने जवाहर नगर स्थित देवनारायण डेयरी और श्रीराम डेयरी का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों की जांच की। इस दौरान दोनों डेयरियों से घी के सैंपल लिए गए। निरीक्षण के दौरान दोनों प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक नहीं पाई गई। इस पर संचालकों को व्यवस्था में सुधार के लिए नोटिस जारी किए जाएंगे। मिल्क पाउडर का सैंपल जांच के लिए भेजेंगे टीम ने रतन एजेंसी से कॉम्प्लान ब्रांड के मिल्क पाउडर का सैंपल भी लिया। विभाग की ओर से लिए गए सभी सैंपल जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला, अजमेर भेजे जाएंगे। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। साफ-सफाई रखने के दिए निर्देश निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने प्रतिष्ठान संचालकों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने, साफ-सफाई का ध्यान रखने और खाद्य सुरक्षा मानकों की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी पवन कुमार रेगर, नीरज कुमार मीणा, कुलदीप चौधरी, अंकित शर्मा, विजय मेहता और संजय वर्मा मौजूद रहे। संदिग्ध खाद्य पदार्थों की बिक्री की सूचना दें सीएमएचओ शर्मा ने आमजन से अपील की है कि खाद्य सामग्री खरीदते समय उसकी मैन्युफैक्चरिंग डेट और एक्सपायरी डेट अवश्य जांचें। संदिग्ध या अवधिपार खाद्य पदार्थों की बिक्री की सूचना जिला स्तरीय कंट्रोल रूम के फोन नंबर 01482-232643 पर दी जा सकती है।