नारी शक्ति वंदन अधिनियम को पारित न होने देने का आरोप लगाते हुए भीलवाड़ा में भाजपा महिला मोर्चा की महिलाओं ने प्रदर्शन किया और जन आक्रोश पदयात्रा निकाली। महिलाओं ने शहर के भोपाल क्लब चौराहे पर इकट्ठा हो विपक्षी दलों के नेताओं राहुल गांधी, ममता बनर्जी और अखिलेश यादव के पुतलों को हाथ में लेकर विरोध जताया। इसके बाद उनके पुतलों की शव यात्रा निकाली। शवयात्रा में महिलाएं नारी सम्मान और विपक्ष के खिलाफ आक्रोश नारे लिखी तख्तियां हाथ में लेकर चल रही थी और नारेबाजी कर रही थी। बजरंगी चौराहे पर महिलाओं ने कड़ा विरोध जताते हुए प्रदर्शन किया और बाद ने इन पुतलों को कूड़ेदान के हवाले किया। कहा- परिवारवाद में धंसी कांग्रेस प्रदर्शन में शामिल भाजपा महिला मोर्चा की पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मधु शर्मा ने कहा- परिवारवाद के दलदल में धंसी कांग्रेस और विपक्ष ने करोड़ों माताओं-बहनों के सम्मान और स्वाभिमान को कुचला है। लोकसभा में पेश किए गए विधेयक को गिराकर विपक्ष ने अपनी नारी शक्ति विरोधी' सोच को प्रमाणित कर दिया है। 'महिलाओं से अवसर छीना' मधु शर्मा ने कहा- यदि ये बिल पास हो जाते तो महिलाओं को 2029 के आम चुनावों में ही 33 प्रतिशत आरक्षण का लाभ मिलता। कांग्रेस की साजिश ने इस सुनहरे अवसर को महिलाओं के हाथ से छीन लिया है। करोड़ों महिलाओं का भविष्य अंधकार में धकेलने के बाद विपक्ष जश्न मना रहा था। यह जश्न उस महिला के खिलाफ था जो आज राजनीति में अपनी जगह बनाना चाहती है। महिलाओं के स्वाभिमान पर चोट बर्दाश्त नहीं की जाएगी इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा ने कहा कि भीलवाड़ा की सड़कों पर उमड़ा महिलाओं का सैलाब इस बात का सबूत है कि महिलाओं के सम्मान और स्वाभिमान पर चोट कभी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।विपक्षी दलों का महिला आरक्षण को अटकाने का षडयंत्र महिलाएं समझ चुकी है, यही कारण है कि आज इतनी बड़ी संख्या में नारी शक्ति अपना आक्रोश व्यक्त करने एकत्र हुई है। इनकी रही मौजूदगी प्रदर्शन के दौरान महिला मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष रेखा परिहार, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष मंजू पालीवाल, ज्योति आशीर्वाद, रेखा अजमेरा, रागिनी गुप्ता, अभिश्रुता सोलंकी, मां दुर्गा का रूप धारण किए शोभिका जागेटिया सहित बड़ी संख्या में महिला संगठनों की पदाधिकारी, छात्रा परिषद की युवतियां और प्रबुद्ध महिलाएं उपस्थित रही।