सिरोही की ग्राम पंचायत भूतगांव में जल निकासी व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। गांव के मुख्य मार्ग पर लंबे समय से टूटा पड़ा मुख्य नाला ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। नाले की हालत खराब होने से गांव का गंदा पानी सीधे सड़क पर बह रहा है। सड़क पर पानी और कीचड़ जमा रहने से राहगीरों, स्कूली बच्चों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि जल्द समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ तो पंचायत मुख्यालय पर आंदोलन किया जाएगा। मुख्य रास्ते पर गंदा पानी और कीचड़
यह मार्ग गांव के सबसे प्रमुख रास्तों में शामिल है और बस स्टैंड को सीधे मुख्य आबादी वाले क्षेत्र से जोड़ता है। दिनभर ग्रामीणों और वाहनों की आवाजाही इसी रास्ते से होती है। ऐसे में सड़क पर लगातार गंदा पानी जमा रहने से पैदल निकलना भी मुश्किल हो गया है। कई जगह कीचड़ फैलने से लोगों को संभलकर गुजरना पड़ रहा है। नाले में कचरा जमा, सफाई भी नहीं
ग्रामीणों के अनुसार मुख्य नाले की लंबे समय से सफाई नहीं हुई है। नाले में भारी मात्रा में कचरा जमा हो चुका है। जगह-जगह से नाली टूटने के कारण पानी की निकासी रुक गई है और पूरा गंदा पानी सड़क पर फैल रहा है। इससे आसपास गंदगी के साथ बदबू का भी माहौल बना हुआ है। बदबू और मच्छरों से बढ़ी परेशानी
सड़क पर लंबे समय से गंदा पानी जमा रहने से क्षेत्र में मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। ग्रामीणों को संक्रामक बीमारियां फैलने की आशंका सता रही है। स्थानीय निवासी प्रवीण मारू ने नाराजगी जताते हुए कहा कि सड़क पर लगातार पानी जमा रहने और बदबू के कारण लोगों का सांस लेना तक मुश्किल हो गया है। उनका कहना है कि मच्छरों और गंदगी के कारण लोग अपने ही घरों में परेशान हैं। पंचायत पर अनदेखी का आरोप
प्रवीण मारू ने आरोप लगाया कि यह गांव का मुख्य नाला है और इसकी स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। उनका कहना है कि इस रास्ते से सरपंच भी कई बार गुजरते हैं, लेकिन समस्या को देखकर भी अनदेखा किया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले पांच साल में पंचायत स्तर पर नालियों की सुविधा को लेकर प्रभावी काम नहीं हुआ। लिखित शिकायतों के बाद भी नहीं हुआ समाधान
ग्रामीणों ने बताया कि जल निकासी की इस समस्या को लेकर ग्राम पंचायत प्रशासन और सरपंच को कई बार मौखिक और लिखित रूप से अवगत कराया जा चुका है। इसके बावजूद अब तक नाले की मरम्मत नहीं हुई और न ही नियमित सफाई की व्यवस्था की गई। ग्रामीणों का कहना है कि समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है, लेकिन जिम्मेदारों की ओर से स्थायी समाधान के प्रयास नहीं किए जा रहे। स्थायी समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी
जनप्रतिनिधियों और जिम्मेदार अधिकारियों की कथित बेपरवाही को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। क्षेत्रवासियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि जल्द टूटे नाले का स्थायी निर्माण करवाकर जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो वे पंचायत मुख्यालय पर प्रदर्शन और आंदोलन करने को मजबूर होंगे।