बीकानेर के नापासर थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-11 पर रायसर के पास गुरुवार को ट्रक और स्विफ्ट कार की भिड़ंत हो गई। हादसे में कार सवार एक बच्चे सहित चार लोग घायल हो गए। इनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। मौके पर मौजूद लोगों ने घायलों को बीकानेर के पीबीएम अस्पताल स्थित ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। इलाज करवाकर लौट रहे थे कार सवार थानाधिकारी कविता पुनिया ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलने पर एएसआई जगदीश कुमार को मौके पर भेजा गया। कार सवार आसेरा से बीकानेर इलाज करवाने आए थे। वापस लौटते समय रायसर के पास उनकी कार ट्रक से टकरा गई। हादसे के बाद सभी घायलों को वापस बीकानेर के पीबीएम अस्पताल स्थित ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया। कार ड्राइवर सहित चार लोग घायल हादसे में कार ड्राइवर अभिरूप चौधरी (28), निवासी सागर रोड, गोविंद नगर, बीकानेर, प्रिंस (9), महावीर (42) और लक्ष्मण (अनिल) (17), निवासी आसेरा घायल हो गए। सभी को उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर भेजा गया। लक्ष्मण (अनिल) के पैर में फ्रैक्चर हो गया था। पैर ठीक होने के बाद वे उस पर बंधा पाटा खुलवाकर लौट रहे थे। दुर्घटनाग्रस्त वाहन थाने पहुंचाए हादसे के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया और यातायात सुचारू करवाया। इसके बाद दोनों वाहनों को नापासर थाने लाया गया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जानकारी जुटा रही है। कंटेंट : बसंत स्वामी, नापासर