बीकानेर में दीपावली पर बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने शहर के प्रमुख बाजारों में वाहनों की आवाजाही पर पाबंदी लगाने और यातायात को सुगम बनाने के लिए विशेष व्यवस्था की है। 6 नवंबर की सुबह से 9 नवंबर की सुबह तक केईएम रोड, दाऊजी रोड, बड़ा बाजार, रानी बाजार, गंगाशहर रोड और नोखा रोड पर विशेष यातायात प्रबंध रहेंगे। प्रतिबंधित क्षेत्रों में 33 स्थानों पर बैरिकेडिंग कर वाहनों की आवाजाही रोकी जाएगी। 33 स्थानों पर बैरिकेडिंग, पास से ही एंट्री यातायात पुलिस के अनुसार केईएम रोड, कोटगेट दरवाजा, रेलवे स्टेशन रोड और कोटगेट से अणचाबाई अस्पताल रोड सहित प्रमुख बाजारों में वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। इसके लिए सादुल सिंह सर्किल, हनुमान मंदिर, अग्रसेन सर्किल, लालजी होटल, अणचाबाई अस्पताल और कोटगेट दरवाजा सहित 33 स्थानों पर बैरिकेडिंग की जाएगी। प्रतिबंधित क्षेत्र में रहने वाले लोगों और वहां व्यावसायिक प्रतिष्ठान संचालित करने वालों के दोपहिया वाहनों को यातायात पुलिस की ओर से जारी पास के आधार पर प्रवेश मिलेगा। पास के लिए प्रतिष्ठान संचालक का आधार कार्ड, दुकान या फर्म से जुड़े दस्तावेज, वाहन की आरसी अथवा प्रतिबंधित क्षेत्र में निवास का प्रमाण दिखाना होगा। चार स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था केईएम रोड और कोटगेट बाजार आने वाले लोगों के वाहनों की पार्किंग के लिए रतन बिहारी पार्क मैदान, राजीव मार्ग स्थित फोर्ट स्कूल का मैदान, सादुल स्कूल-पाबू पाठशाला और पुराना बस स्टैंड तय किए गए हैं। सेना के वाहनों की पार्किंग सादुल सिंह सर्किल के पास होगी। नोखा रोड पर बसों और भारी वाहनों का रूट बदला रानी बाजार, गोगागेट और नोखा रोड पर यातायात का दबाव कम करने के लिए बीकानेर से नोखा जाने वाली बसों और अन्य भारी वाहनों को रानी बाजार पुलिया से रोड नंबर 5, सिने मैजिक रोड और जैन कॉलेज तिराहे से नोखा रोड की ओर निकाला जाएगा। नोखा से आने वाले वाहन जैन कॉलेज तिराहे से सिने मैजिक रोड, रोड नंबर 5 और चोपड़ा कटला होते हुए रानी बाजार पुलिया पहुंचेंगे। रानी बाजार चौराहे से रेलवे स्टेशन और गोगागेट सर्किल की ओर जाने वाले वाहनों के लिए भी अलग रूट तय किया गया है। इस रूट के वाहनों की पार्किंग फोर्ट स्कूल मैदान में कराई जाएगी। चौखूंटी फाटक से कोटगेट की ओर आने वाले तीन पहिया वाहनों को कसाईबारी एमआर होटल तक ही प्रवेश मिलेगा। फड़ बाजार से बी. सेठिया गली में केवल पैदल आवागमन रहेगा। दुकानदारों से भी सहयोग की अपील यातायात पुलिस ने लोगों से प्रतिबंधित क्षेत्र में बिना पास वाहन नहीं ले जाने, निर्धारित स्थानों पर ही पार्किंग करने और शराब पीकर वाहन नहीं चलाने की अपील की है। दुकानदारों से कहा गया है कि वे दुकानों का सामान सड़क पर नहीं रखें और न ही सड़क पर सामान बेचने से यातायात बाधित करें। पुलिस ने बाजारों में कम से कम वाहनों का उपयोग करने और पैदल चलने वाले बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को प्राथमिकता देने की अपील की है।