बीकानेर में पंचायत चुनाव को लेकर जिले में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। अपनी-अपनी पार्टी के प्रत्याशियों को जीत दिलाने के लिए भाजपा, कांग्रेस और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (रालोपा) के बड़े नेताओं ने चुनाव प्रचार की कमान संभाल ली है। केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल और कैबिनेट मंत्री सुमित गोदारा भाजपा के पक्ष में प्रचार कर रहे हैं। वहीं, कांग्रेस की ओर से पूर्व मंत्री गोविंदराम मेघवाल, डॉ. बीडी कल्ला और नोखा विधायक सुशीला डूडी मैदान में हैं। उधर, रालोपा सुप्रीमो हनुमान बेनीवाल भी गांव-गांव पहुंचकर जनसंपर्क कर रहे हैं। अर्जुनराम मेघवाल कई गांवों में करेंगे जनसंपर्क केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल सोमवार को ग्रामीण क्षेत्रों में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार कर रहे हैं। उनके कार्यक्रम में मोतीगढ़, सत्तासर, छतर गढ़, पूगल और दंतौर सहित कई क्षेत्रों का दौरा शामिल है। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर जनसभाएं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें भी प्रस्तावित हैं। छतर गढ़ में उनका रोड शो भी होगा। उनके दौरे से ग्रामीण क्षेत्रों में चुनावी सरगर्मी बढ़ गई है। सुमित गोदारा भी प्रचार में जुटे कैबिनेट मंत्री सुमित गोदारा लूणकणसर सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार कर रहे हैं। वे गांवों में बैठकें कर मतदाताओं से भाजपा के पक्ष में मतदान की अपील कर रहे हैं। रुणिया पंचायत समिति क्षेत्र के राणीसर, भोजेरा, आसेरा, रुणिया बड़ा बास, रूपेरा, शेरपुरा और हेमेरा सहित कई गांवों में देर रात तक प्रचार का सिलसिला चला। गोदारा ग्रामीण क्षेत्रों में जनसंपर्क के जरिए मतदाताओं तक पहुंचने में जुटे हैं। बीडी कल्ला और गोविंदराम मेघवाल ने संभाला मोर्चा कांग्रेस नेता डॉ. बीडी कल्ला ने रविवार को बंबलू गांव पहुंचकर पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार किया। गांव में सरपंच प्रत्याशी डालूराम कूकणा के समर्थन में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने विकास कार्यों को लेकर कांग्रेस का पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि गांव के विकास के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। भविष्य में कांग्रेस की सरकार बनने पर बंबलू में विकास कार्यों के लिए राज्य सरकार की ओर से हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी। वहीं, पूर्व मंत्री गोविंदराम मेघवाल भी जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों और जिला परिषद सीटों पर कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार कर रहे हैं। उनकी बेटी सरिता चौहान पूगल क्षेत्र से चुनाव लड़ रही हैं, जबकि गोविंदराम मेघवाल जिले की अन्य जिला परिषद सीटों पर पार्टी प्रत्याशियों के लिए जनसंपर्क कर रहे हैं। रालोपा भी दिखा रही दमखम पंचायत चुनाव में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी भी अपनी राजनीतिक ताकत दिखाने में जुटी है। पार्टी सुप्रीमो हनुमान बेनीवाल स्वयं गांव-गांव पहुंचकर प्रत्याशियों के समर्थन में जनसंपर्क कर रहे हैं। वे कहीं रोड शो कर रहे हैं तो कहीं सभाओं को संबोधित कर रहे हैं। बेनीवाल ने रुणिया पंचायत समिति क्षेत्र के कई गांवों में जनसंपर्क किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस और भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि दोनों दलों को पंचायत चुनाव से कोई खास मतलब नहीं है और उनकी पार्टी किसानों के हित में काम कर रही है। उन्होंने कांग्रेस को निष्क्रिय विपक्ष बताते हुए मतदाताओं से रालोपा प्रत्याशियों को समर्थन देने की अपील की। पंचायत चुनाव के बीच तीनों दलों के प्रमुख नेताओं के प्रचार में उतरने से जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। अब सभी दलों की नजरें मतदाताओं को अपने पक्ष में करने और प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने पर टिकी हैं।