दीपावली और छठ पर्व पर यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे के बीकानेर मंडल ने यात्री सुविधा और सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। यात्रियों को सीट उपलब्ध कराने के लिए मंडल की 15 ट्रेनों में विभिन्न श्रेणियों के अतिरिक्त कोच लगाए गए हैं। वहीं, रेलवे सुरक्षा बल ने स्टेशनों और ट्रेनों में निगरानी बढ़ा दी है। पटाखे और ज्वलनशील पदार्थ ले जाने पर सख्ती रेलवे ने ट्रेनों के यात्री कोच और पार्सल में पटाखे, फुलझड़ियां, अनार, रॉकेट, गैस सिलेंडर, पेट्रोल, डीजल और केरोसिन जैसे ज्वलनशील पदार्थ ले जाने वालों पर सख्त नजर रखने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए रेलवे स्टेशनों, ट्रेनों और पार्सल कार्यालयों में जांच बढ़ाई गई है। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) और रेलवे कर्मचारी एक्स-रे बैगेज स्कैनर, हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर (एचएचएमडी) और डॉग स्क्वॉड की मदद से जांच कर रहे हैं। सीसीटीवी कैमरों से 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है। पुलिस जवान प्लेटफार्मों और ट्रेनों में लगातार गश्त कर रहे हैं। टिकट के लिए अतिरिक्त काउंटर और एटीवीएम यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त टिकट काउंटर की व्यवस्था की गई है। ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन (एटीवीएम) भी सुचारू रखी गई हैं। भुगतान में आसानी के लिए रेलवे ने बारकोड उपलब्ध कराया है। यात्री रेलवन एप के माध्यम से भी टिकट बुक कर सकते हैं। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक वीरेन्द्र जोशी ने यात्रियों से सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की जानकारी मिलने पर आरपीएफ, जीआरपी, टीटीई या रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर सूचना दें।