करौली। हनुमानजी के दर्शन करने घर से निकले 45 वर्षीय शिवलहरी माली की मंगलवार को सड़क हादसे में मौत हो गई। मंडरायल रोड पर शिकारगंज के पास दो मोटरसाइकिलों की भिड़ंत में उनके साथ जा रहे मोहन सिंह माली भी घायल हो गए। हादसे के बाद परिजन दोनों को करौली अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने शिवलहरी को मृत घोषित कर दिया। मोहन सिंह का ट्रॉमा सेंटर में उपचार जारी है। पुलिस के अनुसार, शिवलहरी माली पुत्र रामकिशन माली निवासी बेरियापुरा, मोहन सिंह के साथ बाइक से जा रहे थे। शिकारगंज के पास कांटे से आगे उनकी मोटरसाइकिल दूसरी बाइक से टकरा गई। टक्कर में शिवलहरी के सिर और शरीर में गंभीर चोटें आईं। उनका शव अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। मृतक के भाई मंगीलाल माली ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट में दूसरी बाइक के चालक पर गलत दिशा में तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारी एएसआई चंद्रपाल हैं। थानाधिकारी विनोद सावरिया ने भी अस्पताल पहुंचकर जानकारी ली।