बोरुंदा कस्बे में रविवार को 31 फीट ऊंची भूतेश्वर महादेव शिव मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा होगी। यह मूर्ति बोरुंदा से हरियाढाणा जाने वाले मेगा हाईवे रोड पर स्थित सार्वजनिक शमशान भूमि (मुक्तिधाम) में स्थापित की जाएगी। इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। महेंद्र माणक सांखला ने इस संबंध में बताया कि यह धार्मिक कार्यक्रम स्मृति शेष गेपरराम सांखला की पुण्यतिथि पर हो रहा है। रविवार सुबह सवा 7 बजे हवन पूजन होगा। इसके बाद सवा 9 बजे बोरुंदा के वीर हनुमान मंदिर से डीजे के साथ जल कलश शोभा यात्रा निकलेगी। सुबह सवा 10 बजे मूर्ति स्थापित की जाएगी और प्रसादी बांटी जाएगी। सांखला परिवार, माली समाज के प्रमुख लोग और कई कार्यकर्ता तैयारियों में जुटे हैं। मोतीराम महेंद्र सांखला ने निमंत्रण पत्र बांटकर और कलश देकर ज्यादा से ज्यादा लोगों को कार्यक्रम में आने को कहा है।