बूंदी नगर निकाय चुनाव-2026 को लेकर बूंदी में सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। भाजपा और कांग्रेस ने जिले के सभी नगर निकायों में जीत के दावे किए हैं। भाजपा जिला प्रभारी इंद्रमल सेठिया ने एक नगर परिषद और सातों नगरपालिकाओं में भाजपा का बोर्ड बनने का दावा किया है। वहीं कांग्रेस जिलाध्यक्ष महावीर मीणा ने पलटवार करते हुए सभी निकायों में कांग्रेस के बोर्ड बनने की बात कही है। दोनों नेताओं ने डिजिटल भास्कर से खास बातचीत में चुनाव को लेकर अपनी-अपनी रणनीति और प्राथमिकताएं बताईं। भाजपा का दावा- विधायकों से ज्यादा कार्यकर्ताओं की ताकत बूंदी आए भाजपा जिला प्रभारी इंद्रमल सेठिया ने कहा कि जिले में भले ही तीनों विधायक कांग्रेस के हैं, लेकिन निकाय चुनाव में भाजपा अपने कार्यकर्ताओं की ताकत के दम पर जीत हासिल करेगी। उन्होंने कहा कि एक नगर परिषद और सातों नगरपालिकाओं में भाजपा का बोर्ड निश्चित रूप से बनेगा। सेठिया ने कहा कि बूंदी आने के बाद उन्होंने जिले के राजनीतिक इतिहास और मौजूदा परिस्थितियों का आकलन किया। उन्होंने कहा, "मैं प्रभारी बनकर पहली बार यहां आया तो मुझे भी लगा कि कांग्रेस के तीन विधायक हैं। मैंने पूरा इतिहास देखा। लेकिन एक बात बहुत खास नोट की, बूंदी जिले का भाजपा कार्यकर्ता बड़ा उत्साही, मेहनती और पार्टी के प्रति वफादार है। इसी ताकत के बल पर हम सातों नगरपालिकाओं और बूंदी नगर परिषद में भाजपा का बोर्ड निश्चित रूप से बनाएंगे।" कांग्रेस का पलटवार- सभी निकायों में हमारा बोर्ड भाजपा के दावे पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष महावीर मीणा ने कहा कि कांग्रेस पूरे जिले में एकजुट होकर चुनाव लड़ रही है और सभी नगर निकायों में कांग्रेस का बोर्ड बनेगा। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार हैं। मीणा ने प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद बूंदी जिले में चुने हुए जनप्रतिनिधियों को कथित तौर पर बदले की भावना से हटाने का आरोप भी लगाया। उनका कहना है कि सरकार बदलने के बाद शहरों में विकास के काम ठप हो गए हैं। कांग्रेस बोली- पट्टे से लेकर स्ट्रीट लाइट तक पर रहेगा फोकस मीणा ने कहा कि कांग्रेस के बोर्ड बनने पर आम लोगों से जुड़े चार काम प्राथमिकता के आधार पर किए जाएंगे। इनमें गरीबों के पट्टे, यूडी टैक्स, स्ट्रीट लाइट और बूंदी की पर्यटन पहचान को प्रमुखता दी जाएगी। 1. 500 रुपए में पट्टा योजना फिर शुरू करने का दावा मीणा ने कहा कि गरीबों को राहत देने के लिए कांग्रेस शासन में चल रही 500 रुपए में पट्टा योजना को फिर से लागू किया जाएगा। उनका कहना है कि इससे जरूरतमंद परिवारों को राहत मिलेगी। 2. यूडी टैक्स को तर्कसंगत करने की बात कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने यूडी टैक्स में काफी बढ़ोतरी की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के बोर्ड बनने पर यूडी टैक्स को कम कर तर्कसंगत किया जाएगा, ताकि आम लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ न पड़े। 3. स्ट्रीट लाइट व्यवस्था होगी प्राथमिकता मीणा ने शहर की स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि गली-मोहल्लों में अंधेरा रहने से जानवरों के साथ-साथ अपराध का खतरा रहता है और महिलाओं को भी परेशानी होती है। कांग्रेस बोर्ड बनने पर स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को दुरुस्त करने को प्राथमिकता दी जाएगी। 4. बूंदी की पर्यटन पहचान लौटाने का दावा मीणा ने कहा कि बूंदी की पहचान पर्यटन नगरी के रूप में है, लेकिन गंदगी और अव्यवस्था के कारण शहर की छवि प्रभावित हुई है। कांग्रेस के बोर्ड बनने पर शहर को साफ-सुथरा बनाने और उसकी पर्यटन पहचान को विश्व स्तर पर मजबूत करने पर काम किया जाएगा। गुटबाजी पर कांग्रेस का दावा- पार्टी पूरी तरह एकजुट पार्टी में गुटबाजी के सवाल पर महावीर मीणा ने कहा कि कांग्रेस में किसी तरह का मतभेद या मनभेद नहीं है और पूरी पार्टी एकजुट होकर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने चेयरमैन के चेहरे को लेकर कहा कि ऐसे लोगों को प्राथमिकता दी जाएगी, जिनकी सोच लोकतांत्रिक हो और जो गरीब व पिछड़े वर्गों के हितों को सर्वोपरि मानते हों। निकाय चुनाव को लेकर भाजपा और कांग्रेस के इन दावों के बीच अब चुनावी मुकाबला दिलचस्प होता दिखाई दे रहा है। एक तरफ भाजपा अपने संगठन और कार्यकर्ताओं की ताकत को जीत का आधार बता रही है, तो दूसरी ओर कांग्रेस स्थानीय मुद्दों और विकास के एजेंडे के सहारे मतदाताओं तक पहुंचने की तैयारी में है।