बूंदी में पंचायत आम चुनाव 2026 के लिए रिटर्निंग अधिकारियों का प्रशिक्षण नगर परिषद टाउन हॉल में गुरुवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। 120 अधिकारियों ने इसमें हिस्सा लिया। दक्ष प्रशिक्षकों ने सरपंच, पंच व उपसरपंच पदों के चुनाव प्रक्रिया पीपीटी से समझाई। प्रशिक्षक चंद्रप्रकाश राठौर ने बताया कि हर पंचायत मुख्यालय पर मतदान के तुरंत बाद वोटों की गिनती होगी। इसमें रिटर्निंग अधिकारी की भूमिका अहम रहेगी। प्रशिक्षण में पंच और सरपंच के नामांकन पत्र भरवाने, उनकी जांच, नाम वापसी, चुनाव चिह्न आवंटन और बैलेट पेपर बनाने सहित पूरी मतदान प्रक्रिया समझाई गई। मतपेटी खोलने और सील करने का तरीका भी बताया गया। दक्ष प्रशिक्षक भूपेंद्र शर्मा, नवनीत जैन, अमित विजयवर्गीय, हेमंत झा और संजय कुमार गुप्ता ने अधिकारियों को ट्रेनिंग दी। सेक्टर अधिकारियों का प्रशिक्षण शुक्रवार दोपहर डेढ़ बजे से नगर परिषद टाउन हॉल में होगा।