बिलाड़ा| बींजवाड़िया रोड स्थित फैक्ट्री में चोरी के दौरान संचालक ने एक आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी पवन निवासी पिचियाक को गिरफ्तार कर चोरी किया गया रायड़ा बरामद कर लिया। मामले में फैक्ट्री संचालक महेंद्र प्रकाश ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। रिपोर्ट के अनुसार, 18 अक्टूबर की रात पवन ने 4-5 अन्य लोगों के साथ शिव शक्ति ऑयल मिल्स के पिछले गेट का ताला तोड़कर प्रवेश किया और 6-7 बोरी रायड़ा चुरा लिया। 19 अक्टूबर की सुबह गोदाम में हलचल होने पर संचालक मौके पर पहुंचे और एक व्यक्ति को पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। एएसआई गिरवर दान ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी की बोरियां बरामद कर ली हैं। मामले में अनुसंधान जारी है। संचालक ने रिपोर्ट में फैक्ट्री से पहले भी पानी की मोटर, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, मशीनरी, लाइट, पंखे, सॉफ्टवेयर संबंधी सामान और कार्यालय से नकदी चोरी होने की जानकारी दी है।