बारां के छबड़ा में डीएपी खाद की कमी पर किसानों का गुस्सा दूसरे दिन भी जारी रहा। गुरुवार को खाद नहीं मिलने पर किसानों ने स्टेट हाईवे-51 पर हंगामा और चक्काजाम किया था। इसके बाद किसान नेता नरेश मीणा किसानों के साथ एसडीएम कार्यालय में धरने पर बैठ गए। धरने के दौरान 1050 डीएपी के टोकन बांटे गए थे। अन्य किसानों को खाद दिलाने की मांग पर नरेश मीणा ने किसानों के साथ खेल मैदान में ही डेरा डाला और पेड़ के नीचे रात बिताई। 900 किसानों को डीएपी खाद के टोकन दिए शुक्रवार सुबह प्रशासन हरकत में आया। पुलिस और कृषि विभाग की निगरानी में खेल मैदान में 900 किसानों को डीएपी खाद के टोकन दिए गए। इन टोकन से हर किसान को 2 कट्टे खाद मिलेगा। सहायक कृषि अधिकारी चौथमल मीणा के अनुसार, किसान निजी दुकानों और छबड़ा क्रय-विक्रय सहकारी समिति से टोकन पर खाद ले सकेंगे। प्रशासन ने अगले 2 दिनों में अतिरिक्त खाद देने का भरोसा दिया है।