रेल यात्रियों की समस्याओं के समाधान, शिकायतों के त्वरित निराकरण और यात्रियों की जरूरतों के अनुरूप यात्री सुविधाओं में सुधार के उद्देश्य से उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल के प्रमुख स्टेशनों पर गुरुवार को रेल जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए। विशेष अभियान 6.0 के तहत जैसलमेर जिले के रामदेवरा एवं जैसलमेर रेलवे स्टेशन सहित मंडल के स्टेशनों पर रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों, जनप्रतिनिधियों व स्थानीय नागरिकों से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं, सुझाव और अपेक्षाएं जानी। रामदेवरा रेलवे स्टेशन पर आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में आरपीएफ के जिला निरीक्षक गोकुलसिंह शेखावत के नेतृत्व में अधिकारियों ने यात्रियों से संवाद किया। इस दौरान पंजाब, हिसार, चूरू सहित विभिन्न राज्यों और जिलों से बाबा रामदेव की समाधि दर्शनार्थ पहुंचे जातरुओं व यात्रियों ने रेल सेवाओं, यात्रा सुविधाओं और स्टेशन परिसर की व्यवस्थाओं से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए। अधिकारिपर आयोजित संवाद में आरपीएफ निरीक्षक गोकुलसिंह शेखावत, स्टेशन अधीक्षक लक्ष्मीकांत सिन्हा, आरपीएफ चौकी प्रभारी प्रदीप चौधरी, शंकरलाल मौजूद रहे। आरपीएफ निरीक्षक गोकुलसिंह शेखावत ने कहा कि भारतीय रेल अपने यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और आरामदायक यात्रा अनुभव प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। कार्यक्रम के दौरान हिसार से आए एक यात्री ने रामदेवरा रेलवे स्टेशन की सफाई व्यवस्था की जमकर सराहना की। यात्री ने बताया कि वे पूर्व में भी यहां आए थे और इस बार भी स्टेशन पर स्वच्छता का स्तर बेहद सराहनीय और उत्कृष्ट मिला।