भास्कर संवाददाता | चूरू पति-पत्नी के बीच की छोटी सी अनबन जब संवादहीनता की भेंट चढ़ती है, तो मामला थाने-कचहरी तक पहुंच जाता है। चूरू के महिला थाना पुलिस द्वारा चार महीने पहले शुरू की गई संवाद पहल अब टूटते परिवारों के लिए मददगार साबित हो रही है। थाने में जुलाई से सितंबर तक पति-पत्नी के आपसी विवाद के आए 51 मामलों में से 36 का पुलिस ने समझाइश से निस्तारण कर दिया। इनमें से 27 दंपतियों के घर फिर से बस गए, वहीं 9 मामलों में दोनों पक्षों ने सहमति से सम्मानजनक ढंग से अलग रहने का निर्णय लिया। एसपी निश्चय प्रसाद एम ने थानों में आ रहे पारिवारिक विवादों का विश्लेषण किया तो सामने आया कि ज्यादातर मामले मामूली गलतफहमी और संवाद की कमी के कारण बढ़ते हैं। इसके बाद एसआईयूसीएडब्ल्यू की एएसपी डॉ. कृष्णा सामरिया के सुपरविजन व महिला थाना एसएचओ कुसुमलता के नेतृत्व में गठित टीम ने समझाइश की प्रक्रिया शुरू की, जिसके अच्छे परिणाम सामने आ रहे हैं। {8 जुलाई को चूरू की 21 वर्षीय विवाहिता ने पारिवारिक विवाद का परिवाद दिया था। पुलिस ने पति को बुलाकर कई बार काउंसिलिंग की, लेकिन बात नहीं बनी। एक दिन पति गुस्से में शादी में मिला सारा सामान लेकर थाने पहुंच गया। पुलिस टीम ने हार नहीं मानी और परिजनों के साथ एक और बैठक की। आखिर में पति मान गया और थाने से ही शादी का सामान और अपनी पत्नी को हंसते-हंसते साथ ले गया। {चूरू की 37 वर्षीय महिला की शादी 2011 में हरियाणा में हुई थी। दो बच्चे होने के बावजूद रिश्तों में कड़वाहट बनी रही और महिला चार साल पहले पीहर आ गई। इस साल जनवरी में थाने में परिवाद आया। कई बार समझाइश के बाद भी जब दोनों साथ रहने को तैयार नहीं हुए, तो पुलिस ने उन्हें कोर्ट के चक्कर काटने के बजाय समझदारी से फैसला लेने की सलाह दी। इसके बाद दोनों ने सहमति से अलग रहने का निर्णय किया। {शहरी क्षेत्र की 30 वर्षीय विवाहिता की शादी 13 दिसंबर 2018 को हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष की ओर से परेशान किया जाने लगा। महिला का एक बेटा भी है। दहेज की मांग को लेकर विवाद बढ़ता गया। विवाहिता ने 5 अगस्त को महिला थाने में परिवाद दिया। पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाया। दो बार काउंसिलिंग व समझाइश के बाद पति-पत्नी के बीच कड़वाहट दूर हो गई और साथ रहने पर राजी हो गए। संवाद पहल से पुनर्मिलन पाने वाले जोड़ों के जीवन में मिठास घोलने के लिए रविवार देर शाम महिला थाने में विशेष कार्यक्रम हुआ। काउंसलिंग के जरिए टूटने की कगार से बचे 10 दंपती सपरिवार थाने पहुंचे। सभी ने थाने में कन्या पूजन किया। एसपी निश्चय व उनकी पत्नी संजना ने जोड़ों को 1-1 पौधा भेंट किया। एसपी ने कहा कि जिस प्रकार पौधे को रोज पानी देकर बड़ा किया जाता है, उसी प्रकार वैवाहिक रिश्ते को भी प्रेम, विश्वास और सम्मान से सींचना जरूरी है।