शिक्षा मंत्री मदन दिलावर की ओर से एक अभिनंदन समारोह में दिए गए कांग्रेस महिलाओं से चिढ़ती है बयान पर सियासी घमासान तेज हो गया है। शहर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष राखी गौतम ने इस बयान को न केवल मिथ्या बल्कि जनता को गुमराह करने वाला करार देते हुए कड़ी निंदा की है। राखी गौतम ने कहा कि शिक्षा मंत्री का यह बयान हास्यास्पद और तथ्यों से परे है। उन्होंने आरोप लगाया कि दिलावर झूठे भाषणों के जरिए जनता को भ्रमित कर रहे हैं, जबकि सच्चाई यह है कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से महिलाओं के अधिकारों और सम्मान की रक्षा करती आई है। इसके उलट भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि वहां महिलाओं के अधिकारों को लेकर केवल खोखले दावे किए जाते हैं। गौतम ने कहा कि जिस पार्टी में महिलाओं के कद लगातार घटाए जा रहे हों और वरिष्ठ महिला नेताओं को हाशिए पर डाला जा रहा हो, उसी पार्टी के मंत्री द्वारा कांग्रेस पर आरोप लगाना विडंबना है। उन्होंने दिलावर के कांग्रेस दलित और महिला विरोधी है वाले बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि हाड़ौती क्षेत्र में कांग्रेस ने न केवल महिला विधायकों को मौका दिया है, बल्कि जिला स्तर पर भी महिला नेतृत्व को प्राथमिकता दी है, जिसमें दलित वर्ग की महिलाएं भी शामिल रही हैं। उन्होंने कहा, कांग्रेस ने हमेशा महिलाओं को सशक्त किया है। पंचायती राज में 33% महिला आरक्षण इसका उदाहरण है। इंदिरा गांधी से लेकर सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी तक, कांग्रेस ने महिलाओं को शीर्ष नेतृत्व में स्थान दिया है। राखी गौतम ने भाजपा पर सवाल उठाते हुए कहा कि वसुंधरा राजे और स्मृति ईरानी जैसी नेताओं की राजनीतिक स्थिति किसने कमजोर की, महिला आरक्षण बिल को परिसीमन के नाम पर कौन टाल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं के प्रति असली उदासीनता भाजपा में है, जहां महिला आरक्षण लागू नहीं किया जा रहा, महिला नेताओं का अपमान हो रहा है और महिला अपराधों पर चुप्पी साधी जा रही है। राखी गौतम ने शिक्षा मंत्री मदन दिलावर से अपने गैर-जिम्मेदाराना बयान के लिए देश की महिलाओं से सार्वजनिक माफी मांगने की मांग की।