प्रदेश के कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में दीपावली अवकाश को लेकर असमंजस है। लोकभवन द्वारा अप्रूव्ड उच्च शिक्षा विभाग के शैक्षणिक कैलेंडर में दीपावली अवकाश 2 से 11 नवंबर तक घोषित है, जबकि कॉलेज शिक्षा आयुक्तालय के अकादमिक कैलेंडर में दीपावली की छुट्टियां 6 से 12 नवंबर तक हैं। यानी दोनों के कैलेंडर में छुट्टियां शुरू होने की तारीख में 4 दिन का अंतर है। प्रदेश के सरकारी स्कूलों की बात करें तो 4 से 15 नवंबर तक छुट्टियां रखी गई हैं। 14 विश्वविद्यालयों व संघटक कॉलेजों में 1 से ही छुट्टियां उच्च शिक्षा विभाग का कैलेंडर लोकभवन द्वारा अप्रूव होने के बाद सामान्य शिक्षा के 14 विश्वविद्यालयों को भेज दिया गया था। इस कैलेंडर के अनुसार विश्वविद्यालयों में 2 नवंबर से दीपावली अवकाश शुरू होगा, जो 11 नवंबर तक रहेगा। वहीं, 1 नवंबर को रविवार है। आरयू सहित अन्य विवि के संघटक कॉलेजों में भी यही अवकाश लागू होगा। 600 सरकारी कॉलेजों में 7 दिन का अवकाश; कॉलेज शिक्षा आयुक्तालय के कैलेंडर में 6 से 12 नवंबर तक दीपावली अवकाश है। प्रदेश में सरकारी 600 कॉलेज हैं, जिनमें यह लागू होगा। ऐसे में सवाल है कि जब प्रदेश के उच्च शिक्षा संस्थानों के लिए एक जैसे शैक्षणिक कैलेंडर जारी हो रहे हैं, तो दीपावली की छुट्टियों में यह अंतर क्यों है? अनावश्यक घटा रहे दीपावली अवकाश, बहाल किए जाएं : रूक्टा कॉलेजों का शैक्षणिक स्टाफ अवकाशकालीन की श्रेणी में होने से उन्हें शनिवार अवकाश का लाभ नहीं मिलता है, वहीं वर्ष में 30 के स्थान पर 15 उपार्जित अवकाश का ही लाभ मिलता है। पिछले कुछ सालों में सुनियोजित तरीके से दीपावली व दशहरा अवकाशों में अनावश्यक कटौती की गई है। वर्तमान में राजकीय कॉलेजों व विश्वविद्यालयों के दीपावली अवकाश में बड़ा अंतर है। संगठन की मांग है कि पूर्व की तरह 15 दिन के दीपावली अवकाश बहाल किए जाए। -डॉ. बनय सिंह, प्रदेश महामंत्री, आरयू एवं महाविद्यालय शिक्षक संघ (रूक्टा)