श्रीगंगानगर| श्रीगंगानगर के 100वें स्थापना दिवस के कार्यक्रमों की शृंखला के तहत रविवार को स्थापना दिवस की पूर्व संध्या पर पुलिस लाइन में सांस्कृतिक संध्या हुई। इसमें राजस्थानी लोक कला और संस्कृति की झलक दिखी। मांगणियार लोक गायन, सूफी गायन, कालबेलिया लोक नृत्य, भवई नृत्य, मयूर नृत्य, तराजू नृत्य एवं चकरी नृत्य हुआ। दर्शकों ने इन प्रस्तुतियों को सराहा। गुरुनानक गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल की छात्राओं ने घूमर-घूमर मेलोडी सॉन्ग पर प्रस्तुति दी। महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय पुलिस लाइन के विद्यार्थियों की ओर से कालबेलिया नृत्य व धरती धोरां री की समूह प्रस्तुति दी गई। नोजगे पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने आओ जी पधारो म्हारे देश जी पर एवं राजकीय कन्या महाविद्यालय की छात्राओं ने राजस्थानी मेलोडी सॉन्ग पर प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में प्रियंका बैलान, चेष्टा सरदाना, जिला पर्यटन अधिकारी पवनकुमार शर्मा, जितेंद्र बटला एवं परमजीत सिंह मौजूद रहे।