राजस्थान क्रिकेट संघ की ओर से आयोजित होने वाली विमेंस अंडर-23 टी-20 चैंपियनशिप के लिए दौसा जिले की दो महिला क्रिकेट खिलाड़ियों याना वर्मा और सोनम सैनी का चयन जयपुर में आयोजित होने वाले ट्रेनिंग कैंप के लिए हुआ है। जिला क्रिकेट संघ के सचिव बृजकिशोर उपाध्याय ने बताया कि आरसीए ओर से अंडर-23 महिला टी-20 चैलेंजर प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। इसमें प्रदेश की करीब 65 महिला खिलाड़ियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में प्रदर्शन के आधार पर 35 खिलाड़ियों का चयन कर जयपुर में कैंप आयोजित किया जा रहा है। इसमें दौसा की याना वर्मा और सोनम सैनी को भी जगह मिली है। उन्होंने बताया कि कैंप में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर राजस्थान की अंडर-23 महिला टी-20 टीम घोषित की जाएगी। ऐसे में दोनों खिलाड़ियों के पास अपने खेल का प्रदर्शन कर प्रदेश की टीम में जगह बनाने का अवसर है। जिला क्रिकेट संघ के सचिव बृजकिशोर उपाध्याय ने दोनों खिलाड़ियों को राजस्थान टीम में चयनित होने के लिए प्रोत्साहित किया।