डीग जिले में जल जीवन मिशन के तहत पेयजल योजनाओं की प्रगति पर प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। जिला कलेक्टर मयंक मनीष ने 63 गांवों को 'हर घर जल प्रमाणित' करवाने की प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश दिए हैं। इन गांवों में शत-प्रतिशत घरेलू नल कनेक्शन हो चुके हैं। कलेक्ट्रेट में हुई जिला जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक में कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि जिन गांवों में सभी घरों तक नल कनेक्शन दिए जा चुके हैं, वहां सत्यापन और प्रमाणीकरण का काम पूरा किया जाए। बैठक में एफटीसी (फंक्शनल टैप कनेक्शन) जारी करने की प्रगति की भी समीक्षा हुई। कुल 63,407 स्वीकृत एफटीसी में से 49,977 जारी हो चुके हैं। अभी 13,430 एफटीसी जारी होने बाकी हैं। कलेक्टर ने बचे हुए कामों में तेजी लाने के निर्देश दिए। राज्य सरकार के आकस्मिक कार्यों के लिए स्वीकृत 75 लाख रुपये और योजनाओं के रखरखाव के लिए 25 लाख रुपये के प्रस्तावों पर भी चर्चा हुई। कलेक्टर ने पेयजल सप्लाई और योजनाओं के रखरखाव पर खास ध्यान देने को कहा।