डीग पुलिस ने साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे 'ऑपरेशन एंटीवायरस' और 'प्रतिबिंब पोर्टल' अभियान के तहत कार्रवाई की है। जालूकी थाना पुलिस ने साइबर ठगों को फर्जी सिम कार्ड उपलब्ध कराने वाले 2 सप्लायरों को गुजरात के सूरत से गिरफ्तार किया है। जालूकी थानाधिकारी मनीराम शर्मा के नेतृत्व में गठित टीम ने यह कार्रवाई की । इससे पहले जालूकी थाना, डीएसटी टीम और साइबर सेल डीग ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए रायपुर निवासी शहबाज (28) को गिरफ्तार किया था। उसके पास से 175 फर्जी सिम कार्ड और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ था। जालूकी थाने में मामला दर्ज कर आरोपी से गहन पूछताछ की गई। दोनों आरोपियों को कोर्ट में किया पेश शहबाज से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम गुजरात के सूरत पहुंची। वहां से सौरभ पुत्र ब्रजकिशोर राजपूत और तरुण उर्फ मोहित पुत्र सुखपाल यादव को गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि दोनों गिरफ्तार आरोपी एयरटेल कंपनी के रिटेलर हैं। वे सिम जारी करते समय ग्राहकों से एक से अधिक बार बायोमेट्रिक सत्यापन कराते थे। इस तरीके से वे अतिरिक्त फर्जी सिम कार्ड जारी कर लेते थे और उन्हें ऊंचे दामों पर अन्य राज्यों में सक्रिय साइबर ठगों को बेचते थे। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर फर्जी सिम सप्लाई करने वाले पूरे गिरोह और उससे जुड़े अन्य नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है। इस मामले में विस्तृत अनुसंधान जारी है।