पंचायती राज चुनाव की सरगर्मी के बीच रायमलवाड़ा क्षेत्र की तीन ग्राम पंचायतों में ग्रामीणों ने बुनियादी सुविधाओं को लेकर अपनी मांगें सामने रखनी शुरू कर दी हैं। सरपंच पद के दावेदार घर-घर पहुंचकर मतदाताओं से संपर्क कर रहे हैं और विकास कार्य करवाने के आश्वासन दे रहे हैं। वहीं, ढाणियों में रहने वाले ग्रामीण आम रास्तों को पक्का करवाने, पानी की सुविधा उपलब्ध कराने और बिजली कनेक्शन दिलाने की मांग उठा रहे हैं। रायमलवाड़ा से अलग गठित ग्राम पंचायत भटियाणी सा नगर और देवी नगर में भी चुनावी गतिविधियां जारी हैं। भटियाणी सा नगर में एससी महिला सीट पर दावेदारों की सक्रियता अपेक्षाकृत धीमी है, जबकि देवी नगर में ओबीसी महिला वर्ग से दावेदार चुनाव मैदान में उतरने की तैयारी कर रही हैं। तीनों ग्राम पंचायतों में दावेदार मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के साथ चुनावी समीकरण साधने में जुटे हैं। जिला परिषद के वार्ड 14 और पंचायत समिति बापिणी के वार्ड 6 में भी चुनावी गतिविधियां जारी हैं। सरपंच पद के नामांकन 23 अक्टूबर को दाखिल होंगे, जबकि मतदान 24 अक्टूबर को होगा।