राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की 12वीं कक्षा की प्रायोगिक परीक्षाएं प्रतिवर्ष 10 दिसंबर से 10 जनवरी के बीच आयोजित कराने की मांग की है। झालावाड़ के रसायन विज्ञान प्राध्यापक मयंक शर्मा ने इस संबंध में शिक्षा मंत्री और माध्यमिक शिक्षा बोर्ड, अजमेर के परीक्षा नियंत्रक को ज्ञापन भेजा है। इसमें विज्ञान, कला और वाणिज्य संकाय की प्रायोगिक परीक्षाओं का समय पहले निर्धारित करने का आग्रह किया गया है। ज्ञापन में बताया कि वर्तमान व्यवस्था में प्रायोगिक परीक्षाएं मुख्य बोर्ड परीक्षाओं के नजदीक होने से विद्यार्थियों पर प्री-बोर्ड, प्रायोगिक और सैद्धांतिक परीक्षाओं की तैयारी का दबाव बढ़ जाता है। इससे पढ़ाई की व्यवस्थित तैयारी प्रभावित होती है। उन्होंने कहा कि 12वीं के कई विद्यार्थी जेईई, नीट और सीयूईटी जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी करते हैं। प्रायोगिक परीक्षाएं दिसंबर और जनवरी के शुरुआती दिनों में पूरी होने से विद्यार्थियों को जनवरी और फरवरी में बोर्ड परीक्षा के रिवीजन, प्री-बोर्ड और शंकाओं के समाधान के लिए पर्याप्त समय मिल सकेगा।