बारां| अंता विधायक व पूर्व केबिनेट मंत्री प्रमोद जैन भाया ने किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर को पत्र लिखकर तुलसां लिफ्ट सिंचाई परियोजना से आगामी 10 दिनों तक धान की फसल की रोपाई एवं सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध करवाने की मांग की है। विधायक भाया ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि इस वर्ष मानसून का आगमन विलंब से हुआ है। अब तक क्षेत्र में सामान्य से कम वर्षा होने के कारण किसानों के सामने धान की रोपाई के लिए पानी का गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है। पर्याप्त वर्षा नहीं होने से खेतों में आवश्यक नमी उपलब्ध नहीं है। जिससे धान की रोपाई प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय धान की रोपाई के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। यदि किसानों को समय पर पानी उपलब्ध नहीं कराया, तो धान की रोपाई प्रभावित होगी, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा और उत्पादन पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। भाया ने जिला प्रशासन से आग्रह किया है कि किसानों के व्यापक हितों एवं उनकी फसल की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए तुलसां लिफ्ट सिंचाई परियोजना से तत्काल प्रभाव से आगामी 10 दिनों तक आवश्यक पानी की सप्लाई सुनिश्चित की जाए, ताकि किसान समय पर धान की रोपाई कर सकें और उनकी फसल सुरक्षित रह सके।