राज्य में तबादलों की मशक्कत के बीच शिक्षा विभाग की स्थानांतरण आदेश प्रक्रिया में नया बदलाव सामने आया है। विभाग ने 14 प्रशासनिक एवं अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारियों के स्थानांतरण आदेश में पहली बार वर्तमान पदस्थापन के साथ उनकी इच्छित पोस्टिंग (डिजायर प्लेस) का भी स्पष्ट उल्लेख किया है। हालांकि ऐसा केवल 14 अधिकारियों की तबादला सूची में किया गया है। तबादला आदेश के अनुसार उक्त अधिकारियों का तबादला इच्छित स्थान पर किया गया है। उन्हें मांगे गए जिले, ब्लॉक या कार्यालय में ही पदस्थापित किया गया है। सूची में जयपुर, अजमेर, सीकर, चूरू और गंगानगर जैसे जिले इन अधिकारियों की पहली पसंद के रूप में सामने आए हैं। विभाग ने वर्तमान पदस्थापन और इच्छित पदस्थापन दोनों का विवरण सार्वजनिक करते हुए स्थानांतरण आदेश जारी किया है। आदेश में कहा गया है कि संबंधित अधिकारी निर्धारित समयावधि में नवीन पदस्थापन स्थल पर कार्यभार ग्रहण करेंगे। साथ ही कार्यमुक्ति और कार्यग्रहण की सूचना विभाग को उपलब्ध कराएंगे।