प्रतापगढ़ की छोटी सादड़ी पंचायत समिति के दूरस्थ क्षेत्रों में 2.32 करोड़ रुपए की लागत से धौलापानी जीएसएस (ग्रिड सब-स्टेशन) स्थापित किया गया है। इस परियोजना से क्षेत्र के जनजाति बहुल गांवों में गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित हुई है, जिससे क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी मांग पूरी हुई है। पिछले 10 से 15 वर्षों से क्षेत्रवासियों द्वारा इस जीएसएस की मांग की जा रही थी। पहले यहां लंबे फीडर और कम वोल्टेज के कारण बिजली आपूर्ति बाधित होती थी, जिससे किसानों की सिंचाई, घरेलू कार्य और छात्रों की पढ़ाई प्रभावित होती थी। राज्य सरकार की आर.डी.एस.एस. (Revamped Distribution Sector Scheme) योजना के तहत स्थापित यह 33/11 केवी धौलापानी फीडर लगभग 3.15 एमवीए क्षमता का है। इसके माध्यम से मंडाई, मानपुरा, भाटखेड़ा, हसनपुर की रेल और धौलापानी-AG सहित कुल 5 नए 11 केवी फीडर बनाए गए हैं। इस परियोजना से 2419 उपभोक्ताओं को सीधा लाभ मिल रहा है। चिवेली, टांडा घाटा, नानकवेड़ी, मानपुरा, चरियाला अम्बा, रिचवा, भाटखेड़ा, हसनपुर की रेल, पाटिया, धौलापानी और घाटी घोसी जैसे अनेक गांवों में अब स्थिर और बेहतर बिजली मिल रही है। इससे पूर्व में उपभोक्ताओं को कम वोल्टेज और बार-बार बिजली कटौती की समस्या से जूझना पड़ता था, जिसमें अब उल्लेखनीय सुधार हुआ है।